Monday, January 2, 2023

निज़ाम का बदी संग कदमताल देखिये


 जम्हूरियत के मज़ाक़ का कमाल देखिये

अवाम की बेबसी की मिसाल देखिये

चंद लोगों की ईद और दिवाली

बाक़ी चेहरों पे लटका सवाल देखिये

बिखरने से अलहदा नहीं कोई क़ौम

निज़ाम का बदी संग कदमताल देखिये

हाल कुछ ऐसा हुआ मुल्क का

चंद मालामाल हैं बाक़ी फटेहाल देखिये

अमन का तसव्वुर भी हुआ मुहाल

फ़िरकापरस्ती का ये फैलता जाल देखिये

कभी लपककर गले मिलते थे जिनसे

दरम्यां सबके खिंची कंटीली दीवार देखिये

निकलते भी रास्तों पर बचाकर नज़र

मुहब्बत और भाईचारे का इंतकाल देखिये

क़ौमी इत्तेहाद का निकल रहा जनाज़ा

मय्यत में शामिल वजह-ए-बवाल देखिये

ग़ुज़ारिश है इतनी पहचाने तौफ़ीक अपनी

होगी छेड़ने की किसकी मजाल देखिये"

No comments:

Post a Comment